जिलाधिकारी : जल शक्ति अभियान के तहत जल संरक्षण के लिए सभी विभाग करें सहयोग, 200 सोक पिट बनाये जाएँ |

2 Min Read

फर्रुखाबाद |

जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा आज कलेक्ट्रेट सभागार में जल शक्ति अभियान “कैच द रेन” के अंतर्गत जल संचय जनभागीदारी 2.0 पहल की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, सहायक अभियंता लघु सिंचाई, जिला उद्यान अधिकारी, सहायक अभियंता सिंचाई सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सहायक अभियंता लघु सिंचाई द्वारा अवगत कराया गया कि जल संरक्षण से संबंधित कराए जा रहे कार्यों को भारत सरकार के JSJB 2.0 पोर्टल पर फीड किया जाना है, जिसके अंतर्गत अब तक जनपद में 660 कार्यों की फीडिंग की जा चुकी है।

इस पर जिलाधिकारी ने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल संरक्षण से संबंधित कराए गए कार्यों जैसे रूफटॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, रिचार्ज शाफ्ट, रिचार्ज पिट, सोक पिट, ट्रेंचेस, चेकडैम, तालाब, मेड़बंदी आदि सभी कार्यों की सूचना तत्काल पोर्टल पर फीड कराई जाए।

जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि उनके अधीन संचालित सभी शासकीय, अर्धशासकीय एवं वित्तविहीन विद्यालयों में सोक पिट एवं रूफटॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनवाए जाएं।

इसके साथ ही पंचायती राज विभाग को प्रत्येक राजस्व गांव में दो सोक पिट बनवाने के निर्देश दिए गए। समस्त अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में 20-20 सोक पिट बनवाने के लिए निर्देशित किया गया।

इसके अतिरिक्त वन विभाग को 200 ट्रेंचेस तथा जिला उद्यान अधिकारी को संचालित कोल्ड स्टोरेजों में 200 सोक पिट बनवाने हेतु निर्देशित किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जल संरक्षण के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा अभियान के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, जिससे वर्षा जल का अधिकतम संचयन हो सके और भूजल स्तर में सुधार लाया जा सके।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *