बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार व्यक्ति की मौत, बेटे और दामाद की हालत गंभीर।

2 Min Read

कायमगंज/

कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। यहाँ घसिया चिलौली रोड पर एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बेटे और दामाद गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जौरा निवासी उमेष चंद्र उर्फ झब्बू (45) अपने बेटे योगेश और दामाद उदय राज (निवासी सौरिख) के साथ मोटरसाइकिल से कायमगंज बाजार जा रहे थे।

जैसे ही उनकी बाइक मेहंदियावली की मजार के पास घसिया चिलौली रोड की ओर मुड़ने लगी, तभी कंपिल की दिशा से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक सवार उछलकर काफी दूर जा गिरे।

परिवार में पसरा मातम

हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मृतक उमेश चंद्र मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी बेटी नेहा की शादी महज एक साल पहले हुई थी और वह होली का त्यौहार मनाने के लिए अपने पति उदय राज के साथ मायके आई हुई थी। खुशियों के माहौल के बीच हुए इस हादसे ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस की कार्रवाई

हादसे के तुरंत बाद राहगीरों और परिजनों की मदद से घायलों को कायमगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उमेश चंद्र को मृत घोषित कर दिया। घायल योगेश और उदय राज का उपचार फिलहाल जारी है।

घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में सफल रहा। स्थानीय पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही शव को कब्जे में ले लिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *