गांव की समस्या का गांव में समाधान: राई गांव में ग्राम चौपाल आयोजित

3 Min Read

एटा। शासन की मंशानुसार विकास खंड अलीगंज के ग्राम राई में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर सुनकर समाधान के निर्देश दिए गए।

चौपाल में वीवीजी राम जी योजना के अंतर्गत ग्राम स्तर पर 125 दिन रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया, जिससे ग्रामीण ढांचे को मजबूत किया जा सके और लोगों को गांव में ही रोजगार मिल सके। मुख्य विकास अधिकारी ने निष्क्रिय स्वयं सहायता समूहों के कार्यों पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने की सख्त हिदायत दी।

इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता संगीता देवी को प्रधान मंत्री मातृ वंदना योजना की सही जानकारी उपलब्ध न करा पाने पर कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए गए। ग्रामीण अंचल को हरा-भरा बनाने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और “ग्रीन चौपाल” योजना को आगे बढ़ाने की अपील की गई।

महिलाओं को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम और आशा बहनों से स्वास्थ्य संबंधी सलाह लेने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को योजना की जानकारी दी गई और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण व स्वास्थ्य परीक्षण की समीक्षा की गई। नवजात शिशुओं का नियमित वजन कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि कुपोषण से बचाव किया जा सके।

पंचायत सचिव और राशन डीलर को फैमिली आईडी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। किसानों को किसान क्रेडिट योजना की जानकारी दी गई। साथ ही पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत घरों की छतों पर ऑन-ग्रिड सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्यमंत्री आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से कोई पात्र व्यक्ति वंचित न रहे, इसके लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। वीवीजी राम जी योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए।

जल जीवन मिशन के अधिकारियों ने बताया कि ग्राम में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और शीघ्र ही हर घर तक जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

चौपाल में खंड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा, एपीओ अमर दीप तिवारी, एडीओ समाज कल्याण अनुज कुमार, वन दरोगा संजय कुमार, सीडीपीओ कुसुमा यादव, डॉ. अखलाख, सुमित कुमार, सचिव अमित तोमर, योगेंद्र सिंह, रजनीश कुमार, ग्राम प्रधान प्रवेश कुमार सहित अनेक ग्रामीण व अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *