मैनपुरी: जिलाधिकारी ने छात्राओं को दवा खिलाकर किया ‘राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस’ का शुभारंभ
मैनपुरी । अजय किशोर- जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर पी.एम. श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं को एल्बेंडाजोल की टेबलेट खिलाते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है, विद्यार्थी जीवन में मानसिक क्षमता, एकाग्रता एवं अध्ययनशीलता का विशेष महत्व होता है और यह तभी संभव है, जब शरीर पूर्णतः स्वस्थ हो। उन्होंने कहा कि मानव शरीर का सबसे महत्वपूर्ण एवं शक्तिशाली अंग मस्तिष्क है, जिसे सर्वाधिक रक्त संचार एवं ऑक्सीजन की आवश्यकता होती है यदि शरीर अस्वस्थ रहेगा तो मस्तिष्क भी अपनी पूर्ण क्षमता से कार्य नहीं कर सकेगा। उन्होने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर उनके शारीरिक-मानसिक विकास को सुदृढ़ बनाना है, कृमि संक्रमण एक सामान्य किन्तु गंभीर समस्या है, जो बच्चों में कुपोषण, एनीमिया, कमजोरी, पेट दर्द, थकान तथा पढ़ाई में ध्यान न लग पाने जैसी समस्याएं उत्पन्न कर सकता है। उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण का प्रभाव धीरे-धीरे बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य दोनों पर असर दिखाता, एलबेंडाज़ोल टैबलेट का सेवन इन संक्रमणों से बचाव हेतु अत्यंत प्रभावशाली है तथा शासन द्वारा यह दवा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने छात्राओं से अपील करते हुये कहा कि वह बिना किसी संकोच या भय के एलबेंडाज़ोल टैबलेट का सेवन करें तथा अपने घर-परिवार और आस-पास के लोगों को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि कई बार लोग छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेते और यही लापरवाही आगे चलकर बड़ी समस्या का रूप धारण करती है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन अत्यंत मूल्यवान है और इसकी सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति की स्वयं की जिम्मेदारी है, यह सोचकर कभी भी स्वास्थ्य की अनदेखी न करें कि वह युवा हैं और बीमार नहीं पड़ सकता, झूठे आत्मविश्वास, संकोच या लापरवाही के कारण यदि स्वास्थ्य की उपेक्षा की जाती है तो उसका परिणाम अत्यंत दुखद हो सकता है।
श्री सिंह ने कहा कि ’’तंदुरुस्ती हजार नियामत” केवल एक कहावत नहीं बल्कि जीवन का सत्य है यदि स्वास्थ्य अच्छा है तो जीवन के सभी लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं, परंतु यदि शरीर, मन में शक्ति नहीं होगी तो किसी भी लक्ष्य तक पहुंचना संभव नहीं होगा। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए पूछा कि क्या वह अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखेंगी, जिस पर छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होने आगामी बोर्ड परीक्षाओं का जिक्र करते हुए छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि परीक्षा जीवन का महत्वपूर्ण चरण है और इसके लिए एकाग्रता, अनुशासन तथा नियमित अध्ययन आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वह लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करें और किसी भी प्रकार की बाधा से विचलित न हों, स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के साथ निश्चित रूप से सफलता अर्जित करेंगी। उन्होंने शिक्षकों से भी अपेक्षा की कि वह छात्राओं को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं बल्कि स्वास्थ्य और जीवन मूल्यों के प्रति भी जागरूक करें। उन्होंने छात्राओं को स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय पर स्वास्थ्य परीक्षण की आदत विकसित करने की भी सलाह दी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता ने बताया कि जनपद में 3585 विद्यालयों, 1793 आंगनवाडी केन्द्रों में शिक्षा ग्रहण कर रहे 01 से 19 वर्ष तक के लगभग 10 लाख 36 हजार बच्चों को अभियान के दौरान एल्बेण्डाजोल की टेबलेट खिलाने का लक्ष्य निर्धारित है, 0 से 02 वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली एवं 02 वर्ष से 03 वर्ष तक के बच्चों को पूरी गोली पीसकर एवं 03 वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों को पूरी गोली चबाकर खिलायी जायेगी। उन्होने अभिभावकों का आव्हान करते हुये कहा कि सभी बच्चों को स्कूल भेजें और कृमि मुक्ति दवा एल्बेंडाजोल खिलायें, जिससे कि उनके मानसिक एवं शारीरिक विकास में वृद्धि हो सके।
विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत प्रस्तुत किया, इस दौरान अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अनिल वर्मा, एस.एम.ओ. डब्लू.एच.ओ. डा. बी.पी. सिंह, डी.एम.सी. यूनिसैफ संजीव पाण्डेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार, डी.पी.एम. संजीव वर्मा, चिकित्साधिकारी डा. राज विक्रम, स्वास्थ्य शिक्षाधिकारी रवीन्द्र सिंह गौर, डी.सी.आर.एम. राजीव कुमार, एच.एस. शैलेन्द्र कुमार, यू.सी. धर्मेन्द्र कुमार, आर.बी.एस.के. पी.एम. कमलदीप, पंचायती राज विभाग से सर्वेश दुबे के अलावा प्रधानाचार्या आर.सी. इंटर कॉलेज प्रभा कुमारी, प्र. प्रधानाचार्या जी.जी.आई.सी. डा. सरोज यादव, सहायक अध्यापिका उर्वशी राना, आशा शर्मा, शैली पाण्डेय, पूनम दुबे, ज्योति सक्सैना, अंजना सक्सैना, अंजली सक्सैना, गीता श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन सुनीता देवी ने किया।
