मोहम्मदाबाद /फर्रुखाबाद।
मोहम्मदाबाद विकासखंड के करथिया गांव में आग ने किसानों की खुशियों पर पानी फेर दिया। खेतों में मेहनत से तैयार की गई धान की फसल की पूरियां अचानक आग की चपेट में आ गईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उसकी लपटों ने कई किसानों की मेहनत को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में करीब तीन से चार किसानों की धान की पूरियां जलकर पूरी तरह राख हो गईं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार करथिया गांव में धान की फसल की पूरियां रखी हुई थीं। इसी दौरान अचानक उनमें आग लग गई। शुरुआत में आग को बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तेज लपटों के चलते आग तेजी से फैलने लगी। कुछ ही देर में आसमान में धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा। आग की भयावहता देखकर आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बिना देर किए एकजुट होकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। हर कोई अपने स्तर से आग पर काबू पाने में जुट गया। काफी देर तक चली मशक्कत और ग्रामीणों की सूझबूझ के बाद आखिरकार आग को फैलने से रोकने में सफलता मिल गई।
इस अग्निकांड ने प्रभावित किसानों को गहरा आर्थिक झटका दिया है। किसानों ने कई महीनों तक खेतों में मेहनत कर धान की फसल तैयार की थी। फसल की कटाई के बाद रखी गई पूरियों से उन्हें अच्छी उपज और आमदनी की उम्मीद थी, लेकिन अचानक लगी आग ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। तीन से चार किसानों की धान की पूरियां जलने से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
ग्रामीणों की एकजुटता के चलते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे नुकसान को और अधिक बढ़ने से रोका जा सका। हालांकि प्रभावित किसानों के सामने अब जली हुई फसल के नुकसान की भरपाई की चिंता खड़ी हो गई है। किसानों ने प्रशासन से अग्निकांड में हुए नुकसान का आकलन कराकर उचित आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
