फर्रुखाबाद।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने स्वयं सैदापुर, पूर्वी गोटिया और चित्रकूट पहुंचकर चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने धरातल पर उतरकर स्वास्थ्य शिविरों में उपलब्ध सुविधाओं, मरीजों की जांच एवं उपचार व्यवस्था और स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

सीएमओ के निर्देशन में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। तीनों स्थानों पर लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों में कुल 193 मरीजों की जांच की गई। बुखार, एलर्जी, त्वचा रोग, दस्त और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित लोगों को चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। सैदापुर में पैथोलॉजी जांच की सुविधा भी दी गई, जिससे मरीजों को जरूरी जांच के लिए दूसरी जगह जाने की आवश्यकता कम हुई।
सैदापुर में 73 मरीजों की जांच, 26 पैथोलॉजी परीक्षण
सैदापुर में स्वास्थ्य शिविर के दौरान कुल 73 मरीजों की जांच की गई। इनमें बुखार के 23, एलर्जी के 24, लूज मोशन के 12, शरीर में दर्द के पांच और गठिया के नौ मरीज शामिल रहे। मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
यहां पैथोलॉजी के अंतर्गत मलेरिया (एमपी) की 13, रैंडम ब्लड शुगर (आरबीएस) की आठ और टाइफाइड की पांच जांचें की गईं। इस प्रकार कुल 26 पैथोलॉजी जांचें हुईं। सीएमओ ने बाढ़ प्रभावित लोगों को मौके पर ही आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और जांच एवं उपचार व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।
पूर्वी गोटिया में त्वचा रोग के 45 मरीज मिले
पूर्वी गोटिया में स्वास्थ्य शिविर में 82 मरीजों की जांच की गई। इनमें त्वचा रोग के 45, बुखार के 24, सर्दी-खांसी के सात और जोड़ों के दर्द के छह मरीज शामिल रहे। स्वास्थ्य टीम ने मरीजों को आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया। यहां डॉ. नेहा गुप्ता और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी प्रशांत सहित संबंधित स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
चित्रकूट में 38 मरीजों को मिला उपचार
चित्रकूट में स्वास्थ्य शिविर के दौरान 38 मरीजों की जांच की गई। इनमें पेट दर्द के नौ, बुखार के आठ, खुजली के 11, दस्त के पांच तथा खांसी और सिरदर्द से संबंधित पांच मरीज शामिल रहे। यहां डॉ. विजय सिंह, फार्मासिस्ट पारितोष अवस्थी और फार्मासिस्ट चंदन शाक्य सहित स्वास्थ्य टीम ने मरीजों को चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराईं।
व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर, बाढ़ प्रभावितों को मिले तत्काल उपचार
सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने तीनों क्षेत्रों का स्वयं निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशान न होना पड़े। उनके निर्देशन में स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से जांच, उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा प्रभावित क्षेत्रों में ही उपलब्ध कराई जा रही है।

