फर्रुखाबाद।
जनपद में नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों को सुरक्षा कवच प्रदान करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहरी क्षेत्रों में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया। 10 अक्टूबर को आयोजित संयुक्त फील्ड विजिट एवं विशेष टीकाकरण सत्र के दौरान समन्वित प्रयासों से 17 जीरो डोज एवं टीकाकरण से वंचित बच्चों को टीकाकरण सेवाओं से जोड़ने में सफलता मिली। इस पहल से शहरी क्षेत्रों में नियमित टीकाकरण का दायरा बढ़ाने और बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में डा सर्वेश यादव अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (ACMO/DIO), डॉ आर सी माथुर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डीसी हिना खान, आईओ अक्षय, बीआरटी, गावी-सीएसओ टीम तथा स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों ने संयुक्त रूप से सहभागिता की। टीम ने क्षेत्र में भ्रमण कर टीकाकरण से छूटे बच्चों की पहचान, परिवारों से संपर्क और उन्हें टीकाकरण के प्रति जागरूक करने पर विशेष ध्यान दिया।
अभियान की सफलता में बीसी अरफात, हसीन, संजीव और कविता की सक्रिय भूमिका रही। स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों के सहयोग से परिवारों तक पहुंच बनाई गई और उन्हें बच्चों के नियमित टीकाकरण के महत्व के बारे में समझाया गया। सामुदायिक स्तर पर किए गए इन प्रयासों से 17 जीरो डोज एवं टीकाकरण से वंचित बच्चों को टीकाकरण सेवाओं से जोड़ना संभव हुआ।
स्वास्थ्य विभाग का जोर केवल टीकाकरण सत्र आयोजित करने तक सीमित न रहकर ऐसे बच्चों और परिवारों तक पहुंच बनाने पर है, जो किसी कारणवश नियमित टीकाकरण से छूट जाते हैं। इसके लिए क्षेत्रीय टीमों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर टीकाकरण सेवाओं की पहुंच बढ़ाई जा रही है।
इस संयुक्त अभियान से शहरी क्षेत्रों में समुदाय की भागीदारी मजबूत हुई है और जीरो डोज बच्चों की संख्या कम करने के प्रयासों को गति मिली है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ऐसे बच्चों को चिह्नित कर नियमित टीकाकरण से जोड़ने तथा उनके टीकाकरण की निरंतरता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि कोई भी बच्चा आवश्यक टीकों से वंचित न रहे।

