फर्रुखाबाद।
आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी फर्रुखाबाद डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है।
गुरुवार को आबकारी निरीक्षक (क्षेत्र-1) कुमार गौरव सिंह ने पुलिस व आबकारी स्टाफ के साथ संदिग्ध ग्राम नेकपुर चौरासी में छापेमारी (दबिश) की। कार्रवाई के दौरान मौके से 10 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा लगभग 80 किलोग्राम लहन बरामद हुआ।
टीम ने बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट करवा दिया और आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत 1 अज्ञात/संबंधित आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब बनाने, बेचने और परिवहन करने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध मदिरा के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

