अमृतपुर/फर्रुखाबाद |
गंगापार क्षेत्र में बाढ़ की त्रासदी के बाद अब जहरीले सांप और अन्य जीव-जंतु लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रहे हैं। पानी कम होने के बाद जहरीले सांपों के घरों और आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग घरों में सांप निकलने की घटनाओं से भयभीत हैं।
अमृतपुर निवासी शेर सिंह उर्फ शेरा पुत्र बाबूराम ने दावा किया कि उसने पिछले दो दिनों में छह जहरीले सांपों का रेस्क्यू किया है। उसके मुताबिक इनमें कोमन करैल, रसेल वाइपर और काले नाग शामिल हैं। रेस्क्यू किए गए सांपों को बाद में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।बताया गया कि कलक्टरगंज निवासी पप्पू पुत्र सोनेलाल की भैंस को जहरीले सांप ने काट लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
इसके बाद शेर सिंह ने क्षेत्र में सांपों के रेस्क्यू का काम शुरू किया। उसने पप्पू, तौफीक निवासी कीर्ति तथा जगबीर पुत्र सोनेलाल निवासी कलक्टरगंज समेत अन्य लोगों के घरों से भी जहरीले सांपों को सुरक्षित तरीके से पकड़ा।
शेर सिंह का कहना है कि क्षेत्र में कहीं से भी जहरीले सांप या अन्य जीव-जंतु निकलने की सूचना फोन पर मिलती है तो वह तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू करने का प्रयास करता है।
उसके अनुसार अब तक क्षेत्र में सैकड़ों जहरीले जीव-जंतुओं का रेस्क्यू किया जा चुका है।उसने ग्रामीणों से अपील की कि घर या आसपास जहरीला सांप दिखाई देने पर उसे मारने का प्रयास न करें। तत्काल उसे सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर सांप को आबादी से दूर छोड़ा जा सके।

