Mainpuri News : मानसिक रूप से बीमार महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, एसपी ऑफिस पहुंची बेटी
मैनपुरी 4 सितंबर (अजय किशोर) कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ज्योती रोड धारऊ से 50 वर्षीय सुषमा देवी 3 सितंबर की सुबह अचानक घर से लापता हो गईं। परिजनों के अनुसार उनकी मानसिक हालत ठीक नहीं रहती है, जिसके कारण परिवार के लोग उनकी सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। घटना के बाद से लगातार उनकी तलाश की जा रही है, लेकिन उनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
लापता महिला की बेटी निशा ने पुलिस थाने में सुनवाई न होने पर शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर गुहार लगाई। उन्होंने एसपी को शिकायती पत्र देकर मांग की है कि उनकी मां की गुमशुदगी दर्ज कर जल्द से जल्द तलाश शुरू की जाए। परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां भी काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं से कोई सकारात्मक जानकारी नहीं मिली है।
बेटी निशा ने पुलिस को महिला की पहचान से जुड़ी अहम जानकारी देते हुए बताया कि लापता होने के समय उनकी मां ने साड़ी नहीं पहनी थी, बल्कि काला पेटीकोट और काला ब्लाउज पहन रखा था। उनकी लंबाई लगभग 4 फीट 9 इंच, शरीर पतला, रंग सांवला और चेहरा लंबा है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित घर वापस लाने की पुरजोर अपील की है।

