ई-रिक्शा में चाकू दिखा 6 हजार रूपए लूटे, अवैध चाकू और लूट की रकम बरामद
(संवाददाता योगेन्द्र प्रताप सिंह, जलेसर)
जलेसर। एटा। उत्तर प्रदेश। जनपद एटा में जलेसर नगर में ई रिक्शा में सफर के दौरान बढ़ती जा रही वारदातों के चलते अब सवारियां ई रिक्शा में बैठने से कतराने लगी है। गुरुवार को सवारी बनकर ई-रिक्शा में बैठे व्यक्ति को रास्ते में चाकू दिखाकर लूट लिया गया। पीड़ित द्वारा कोतवाली पहुंच घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है। वही नगर में निरंतर बढ़ती जा रही वारदातों को लेकर पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार के जेल भेजा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पड़ोसी जनपद हाथरस के हसायन थाना क्षेत्र के गांव मोहल्ला निवासी अभय पाल सिंह बीते दो सितंबर को अपने घर से फिरोजाबाद जनपद के ग्राम गोथुआ को जा रहा था। पीड़ित द्वारा नगर के आगरा चौराहे से गांव गोथुआ जाने के लिए एक ई-रिक्शा तय किया था। पीड़ित का आरोप है, कि ई-रिक्शा चालक और उसके साथी ने रास्ते में उसके साथ मारपीट की और चाकू दिखाकर जेब रखे 6 हजार रूपए लूट लिए। घटना के बाद पीड़ित तत्काल पुलिस कोतवाली पहुंचा तथा सारी घटना बताते हुए पुलिस को एक तहरीर दी। इस घटना के बाद लोग अब ई रिक्शा में सफर करने से कतराने लगे हैं। वही कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की निशानदेही पर तत्काल कार्यवाही कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों द्वारा अपने नाम जीतू पुत्र रामखिलाड़ी, निवासी माधवनगर, जलेसर तथा आशिफ पुत्र सब्बीर निवासी महावीर गंज जलेसर बताए गए हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा, एक अवैध चाकू और लूट की रकम बरामद किए जाने का दावा किया जा रहा है। वही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अखिलेश दीक्षित ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
