मैनपुरी में ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) शुरू, 21 सितंबर तक चलेगा कार्य
मैनपुरी (अजय किशोर) जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा के साथ तहसील सदर में स्थापित इलैक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन, वी.वी.पैट वेयर हाउस में ई.वी.एम. के प्रथम चरण निरीक्षण (एफ.एल.सी.) कार्य का स्थलीय निरीक्षण करते हुये अधिकारियों, कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ई.वी.एम. की सुरक्षा के दृष्टिगत वेयर हाउस में एफ.एल.सी. के कार्य में पूरी सतर्कता बरती जाये। उन्होंने कहा कि एफ.एल.सी. हॉल में एक ही प्रवेश, निकास द्वार रहेगा, जिस पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात होगा, एफ.एल.सी. का कार्य पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा के बीच किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की प्रथम स्तरीय जांच का कार्य आज से प्रारम्भ हो गया है, एफ.एल.सी का कार्य पूर्ण होने की निर्धारित तिथि 21 सितम्बर तक प्रतिदिन प्रातः 09 बजे से सायं 07 बजे तक संपन्न होगा, इस अवधि में पड़ने वाले अवकाश के दिनों में भी एफएलसी का कार्य संचालित रहेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एफ.एल.सी. हॉल में किसी भी अधिकारी, कर्मचारी, राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों आदि को सेल फोन, कैमरा, कैमरा युक्त पेन, बीड़ी, माचिस, सिगरेट, खाने-पीने की वस्तु आदि ले जाने की इजाजत नहीं होगी, एफ.एल.सी. का पूरे कार्य की सत्त सी.सी.टी.वी. कैमरे के माध्यम से रिकार्डिंग होगी, बेवकास्टिंग भी होगी। उन्होने एफ.एल.सी. के कार्य में लगे कार्मिकों से कहा कि पूरी तन्मयता के साथ कार्य करें, बॉक्स, ई.वी.एम. मशीन के नम्बर का सही ढंग से मिलान कर ई.वी.एम. मशीन को उसी नम्बर के बॉक्स में रखा जाये, यह कार्य पूरी सावधानी से किया जाये। उन्होने बताया कि एफ.एल.सी. कार्य की सम्पूर्ण प्रक्रिया को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन कराते हुए सम्पादित कराया जायेगा।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्यामलता आनंद, उप जिलाधिकारी सदर श्याम प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी न्यायिक भोगांव अरविंद कुमार सिंह, एल.बी.सी. वीरेश पाठक, निर्वाचन कार्यालय से सुनील मिश्रा, अवनीश सक्सैना के अलावा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि अर्जुुन चौहान, राजीव कुमार चौधरी, हिंमाशू सैन, सतेन्द्र सिंह, गौरव पाल आदि उपस्थित रहे।

