पात्र मत्स्य पालकों को योजनाओं से लाभान्वित कर स्वरोजगार से जोड़ें : जिलाधिकारी
एटा । जिलाधिकारी अरविन्द सिंह की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में उ०प्र० मत्स्य पालक कल्याण कोष की जिला स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मत्स्य पालकों के कल्याण एवं उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित कर स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उ०प्र० मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत मोपेड विद आइसबॉक्स परियोजना हेतु कुल 9 ऑनलाइन आवेदन तथा चिकित्सा सहायता हेतु एक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होने की जानकारी दी गई। समिति द्वारा प्राप्त आवेदनों पर विचारोपरांत पात्र लाभार्थियों के चयन एवं योजनाओं से लाभान्वित किए जाने हेतु अनुमोदन प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि शासन की महत्वपूर्ण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। पात्र मत्स्य पालकों का विशेष ध्यान रखते हुए उन्हें विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जाए तथा आवश्यक सहयोग प्रदान कर स्वरोजगार से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि जनपद में मत्स्य पालकों के हित में शासन द्वारा संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र मत्स्य पालक योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठा सकें।
उल्लेखनीय है कि जनपद एटा में मत्स्य पालकों के लिए उ०प्र० मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इसी क्रम में ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के चयन एवं अनुमोदन के लिए जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगम लाल, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, वरिष्ठ कोषाधिकारी विकास चौहान, विजय भाई, सहायक निदेशक मत्स्य प्रकाश चंद्र एवं मत्स्य निरीक्षक अनुज चौहान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

