अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़: 3 आरोपी गिरफ्तार, 10 तमंचे और उपकरण बरामद
मैनपुरी (अजय किशोर) थाना औंछा पुलिस और एण्टी व्हीकल थेप्ट टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ग्राम औंछा में चल रही एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने मौके से तीन सगे भाइयों सहित कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान अशोक, प्रिंस और पवन (सभी पुत्रगण शोभाराम, निवासी ग्राम व थाना औंछा, मैनपुरी) के रूप में हुई है। यह कार्रवाई गुरुवार शाम करीब 6.30 बजे मुखबिर की सटीक सूचना पर गश्त के दौरान की गई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर के 10 अदद बने हुए तमंचे और भारी मात्रा में शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामान में लोहे के 10 पाइप, हथौड़े, पाइप रिंच, ग्राइंडर मशीन, ग्राइंडिंग पत्तियां, रेती, बरमा और स्प्रिंग आदि शामिल हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने कुबूल किया कि वे रात के अंधेरे में चोरी-छिपे तमंचे बनाने का काम करते थे और दिन में मजदूरी करते थे। वे इन तैयार तमंचों को ग्राहकों को बेचकर अपनी आजीविका चलाते थे।
पकड़े गए आरोपियों में से मुख्य अभियुक्त अशोक का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसके खिलाफ पहले से ही कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना औंछा में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया है।
