अमरोहा में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़: सिपाही घायल, 25 हजार का इनामी समेत 3 गिरफ्तार

By
Web Desk
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप...
3 Min Read

अमरोहा में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़: सिपाही घायल, 25 हजार का इनामी समेत 3 गिरफ्तार

अमरोहा। जनरल फोर्स ब्यूरो। जनपद अमरोहा के सैदनगली थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और गोवध गिरोह के सक्रिय बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाशों की फायरिंग में एक सिपाही घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से घायल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश समेत दो अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4 बजे सैदनगली थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोवध गिरोह के कुछ सदस्य बाइक से क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग के दौरान सिपाही रोहित के हाथ में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली अमरोहा के ढक्का निवासी आकिल पुत्र यूनुस के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पूछताछ में खुला गिरोह का नेटवर्क

घायल आरोपी आकिल से पूछताछ के दौरान पुलिस को उसके दो अन्य साथियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने संभल निवासी 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश विक्की खान को गिरफ्तार कर लिया। विक्की खान के खिलाफ अमरोहा, संभल और बागपत समेत विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इसके अलावा पुलिस ने दिल्ली के भजनपुरा क्षेत्र निवासी साहिल पुत्र शोएब को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार साहिल के खिलाफ भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

लंबा है आरोपियों का आपराधिक इतिहास

जांच में सामने आया कि आरोपी आकिल पर पशु क्रूरता अधिनियम, शस्त्र अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास समेत लगभग 20 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं विक्की खान पर पॉक्सो एक्ट सहित तीन तथा साहिल पर आर्म्स एक्ट समेत दो मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

हथियार और वाहन बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, खोखा तथा मोटरसाइकिल बरामद की है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित सदस्यों के संबंध में गहन जांच कर रही है।

पुलिस का बयान

एडिशनल एसपी अखिलेश भदोरिया ने बताया कि सैदनगली मुठभेड़ में घायल आरोपी आकिल की निशानदेही पर उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, मोटरसाइकिल और कारतूस बरामद हुए हैं। मामले में पूछताछ जारी है और गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप में पहुंचाने का कार्य करती है। हमारा उद्देश्य ताज़ा और महत्वपूर्ण खबरों को समय पर प्रकाशित कर पाठकों को जागरूक एवं सूचित रखना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *