होली मिलन समारोह में उड़ा गुलाल , गौरी नागौरी के ठुमकों पर झूम उठे युवा, मुंबई की सिंगर ने भी बांधा समां |

3 Min Read

फर्रुखाबाद/

जिला पंचायत के तत्वावधान में पंचायत परिसर में आयोजित भव्य ‘रंगोत्सव’ कार्यक्रम में इस बार जमकर रंग बरसे और संगीत की महफिल सजी। बुधवार देर शाम आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण मशहूर डांसर गौरी नागौरी और मुंबई से आईं सिंगर शिफा रूबी रहीं, जिनकी शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना से हुई शुरुआत कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव ने दीप प्रज्वलित करके किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव और उनके प्रतिनिधि सचिन यादव ने भी दीप प्रज्वलन में हिस्सा लिया। इसके पश्चात कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई मनमोहक गणेश वंदना के साथ सांस्कृतिक संध्या का आगाज हुआ।

सिंगर शिफा रूबी के गानों ने मोहा मन मंच पर सबसे पहले मुंबई से आईं गायिका शिफा रूबी ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा। एआर रहमान जैसे दिग्गज संगीतकार के साथ काम कर चुकीं शिफा ने ‘नील समुंदर है मैं रेत का साहिल हूं’ गाने से अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ‘केसरिया तेरा इश्क है पिया’, ‘हम्मा-हम्मा’ और ‘ऐसी नजर से देखा जालिम ने’ जैसे गानों से समां बांध दिया। उनके गानों पर युवा दर्शक झूमते और वीडियो बनाते नजर आए।

गौरी नागौरी की एंट्री पर बेकाबू हुआ उत्साह कार्यक्रम का उत्साह तब चरम पर पहुंच गया जब मंच पर गौरी नागौरी की एंट्री हुई। उनके मंच पर आते ही आयोजकों ने दर्शकों से मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाने की अपील की, जिससे पूरा परिसर जगमगा उठा। गौरी ने ‘आज की रात मजा हुस्न का आंखों से लीजिए’ और ‘बलम पिचकारी तूने मुझे मारी’ जैसे गानों पर अपने शानदार डांस से युवाओं को कुर्सी छोड़कर नाचने पर मजबूर कर दिया। उनके ठुमकों पर दर्शक काफी देर तक झूमते रहे।

गाड़ियां भेजकर बुलाए गए थे ग्रामीण, उड़ा गुलाल

इस भव्य आयोजन में भारी भीड़ जुटाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र समेत आसपास के कई गांवों से लोगों को लाने के लिए गाड़ियां भेजी गई थीं। कार्यक्रम स्थल पर सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाइयां दीं। उत्सव के इस माहौल में लड्डू और बालूशाही बांटकर सबका मुंह मीठा कराया गया। यह रंगारंग कार्यक्रम देर रात तक पूरे जोश के साथ चलता रहा।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *