अमृतपुर।
फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को एक और सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें चार सवारियां घायल हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार 12 मार्च 2026 को लगभग दोपहर 12 बजे अमृतपुर थाना क्षेत्र में फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग पर ताजपुर गांव के निकट बजाज टेंपो संख्या UP 76 T 6242 अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट गहरी खाई में जा गिरा। टेंपो पलटने से उसमें सवार लगभग चार लोग घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अमृतपुर रक्षा सिंह और चौकी इंचार्ज राहुल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। चूंकि घटना स्थल राजेपुर और अमृतपुर थाना क्षेत्र की सीमा पर है, इसलिए राजपुर क्षेत्र से डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
हादसे में घायल दो महिलाओं कुंती पत्नी रोहित अवस्थी निवासी अमृतपुर और वंदना पत्नी रजत निवासी कमालगंज को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया।
घायल वंदना ने बताया कि वह अपने मायके कमालगंज से ससुराल तौफीक मढ़ैया जा रही थी। आरोप है कि टेंपो चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था और गति पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे टेंपो अचानक खाई में जा गिरा।
स्थानीय लोगों के अनुसार फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग पर आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। सड़क के संकरे होने, वाहनों के अधिक दबाव और कई बार वाहन चालकों की लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हालांकि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
