विद्युत ट्रांसफार्मर से उपकरण चोरी।

2 Min Read

फर्रुखाबाद/ थाना अमृतपुर क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों से उपकरण चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीती रात ग्राम नगला हूसा में अज्ञात चोरों ने एक ट्रांसफार्मर को खोलकर उसके भीतर लगे कीमती उपकरण चोरी कर लिए। इस घटना से बिजली विभाग को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, लगभग 15 दिन पूर्व कस्बा अमृतपुर में भी इसी प्रकार ट्रांसफार्मर से सामान चोरी किए जाने की घटना हुई थी, जिसकी एफआईआर थाना अमृतपुर में दर्ज कराई गई थी। लगातार हो रही इन वारदातों से क्षेत्र में दहशत और नाराज़गी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने के कारण चोर आसानी से घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता (XEN) ग्रामीण सुशील कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही विभाग सतर्क हो गया है। कर्मचारियों को सक्रिय कर दिया गया है और मामले में दोबारा थाना अमृतपुर में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। विभाग द्वारा नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

वहीं जेई शिवम तिवारी ने बताया कि यह ट्रांसफार्मर पानी की टंकी के संचालन के लिए लगाया गया था। पानी की टंकी कुछ समय से संचालित नहीं हो रही थी, लेकिन ट्रांसफार्मर पूरी तरह चालू अवस्था में था, जिससे चोरों ने उसमें लगे उपकरणों को निशाना बनाया।

लगातार ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं से न केवल विभाग को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है, बल्कि आने वाली भीषण गर्मी में बिजली और जलापूर्ति व्यवस्था पर भी असर पड़ने की आशंका है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस और बिजली विभाग मिलकर इन घटनाओं पर कब तक अंकुश लगा पाते हैं।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *