कायमगंज।
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में दो भीषण सड़क दुर्घटनाएं सामने आईं। इन अलग-अलग हादसों में एक बस चालक, तीन बालिकाओं और दो महिलाओं समेत कुल 11 लोग घायल हो गए हैं। पहला हादसा एक टेंपो और बाइक की जोरदार भिड़ंत का था, जबकि दूसरे मामले में दो रोडवेज बसें आमने-सामने टकरा गईं।
मस्जिद तक पहुंची टेंपो और बाइक की टक्कर की आवाज।
पहला हादसा नगर के मुख्य चौराहे पर हुआ। कंपिल की ओर से आ रहे एक टेंपो और रेलवे स्टेशन की ओर से आ रही बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। यह भिड़ंत इतनी भीषण थी कि पास की मस्जिद में नमाज पढ़ रहे लोग भी तेज आवाज सुनकर बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार, टेंपो में सवार सभी लोग थाना मेरापुर के गांव अहलामई के निवासी हैं। ये श्रद्धालु शनिवार को कंपिल के भूतनाथ मंदिर (सोनोढ़ी) में दर्शन के लिए गए थे और रविवार सुबह घर लौट रहे थे। इस दुर्घटना में बाइक सवार विकास (निवासी महद्दीपुर) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। वहीं, टेंपो में सवार दुर्गेश, राजुल, देवकी, बबली, मुन्ना, कुंती और रीता भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चल रहा है।
बाईपास पर रोडवेज बसों की सीधी टक्कर
दूसरा हादसा कायमगंज-फर्रुखाबाद बाईपास मार्ग पर बेरिया तिराहे के पास हुआ। यहां दिल्ली से फर्रुखाबाद जा रही फर्रुखाबाद डिपो की बस सामने से आ रही एटा डिपो की बस से सीधे जा टकराई। इस टक्कर में फर्रुखाबाद डिपो के चालक पवन मिश्रा (निवासी हुल्लापुर) को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत लोहिया रेफर कर दिया गया।
इस बस में सवार यात्री उमाशंकर और उनके भाई हरिओम (निवासी खैराबाद) भी चोटिल हुए हैं। हालांकि, गनीमत यह रही कि एटा डिपो की बस में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बच गए।
पुलिस ने क्रेन से वाहनों को हटवा कर यातायात सुचारु किया। हादसे की सूचना मिलते ही कस्बा इंचार्ज सोमवीर सिंह पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बसों को सड़क से किनारे करवाया, जिसके बाद दिल्ली रोड पर बाधित यातायात को फिर से सुचारू रूप से चालू कराया जा सका।
