मैनपुरी में ताबड़तोड़ फायरिंग, खिड़की का शीशा चीरकर युवक के सीने में धंसी गोली
मैनपुरी (अजय किशोर) करहल कस्बे से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां किशनी रोड पर बुधवार की देर रात कुछ बेखौफ बदमाशों ने खुलेआम आतंक फैलाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इस खौफनाक वारदात के दौरान अंधाधुंध फायरिंग में एक गोली घर की दूसरी मंजिल की खिड़की का शीशा तोड़ती हुई अंदर खड़े अर्पित कुमार के सीने में जा धंसी। अचानक हुए इस दुस्साहसिक हमले से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घबराए परिवार के सदस्यों ने कमरों के भीतर छिपकर अपनी जान बचाई।
घटना के संबंध में पीड़ित पिता सुनील कुमार ने बताया कि बुधवार की रात करीब 10 बजे कई गाड़ियों में सवार होकर आए हथियारबंद बदमाशों ने उनके घर के बाहर उतरकर अचानक धावा बोल दिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गंभीर रूप से लहूलुहान अवस्था में परिजन तुरंत अर्पित को पीजीआई सैफई लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल युवक के पिता की तहरीर पर करहल निवासी सम्यक, संकेत, आशीष यादव, सौरभ, अंशुल पाल और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने जानकारी दी है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

