फर्रुखाबाद |
पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा शनिवार को शुरू हो गई। जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 19 केंद्र बनाए गए हैं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभ्यर्थियों को सघन चेकिंग के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया।
परीक्षा केंद्रों पर सुबह 8 बजे से अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू हुआ, जो 9 बजे तक जारी रहा। प्रवेश के दौरान मेटल डिटेक्टर से सघन जांच की गई। इसके बाद अंदर बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी की गई। सुरक्षाकर्मियों ने अभ्यर्थियों को पानी की बोतलें और गले की चेन जैसी वस्तुएं भी अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी।ह उपनिरीक्षक परीक्षा जिले में शनिवार और रविवार को आयोजित की जा रही है। शनिवार को परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली। परीक्षा देने के लिए अभ्यर्थी शुक्रवार रात से ही जिले में पहुंचना शुरू हो गए थे।
ललितपुर, झांसी, आगरा, मथुरा सहित कई अन्य जनपदों से आए अभ्यर्थी सुबह 7 बजे से ही केंद्रों पर पहुंचने लगे थे, जिसके बाद सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी भी सुबह ही पहुंच गए थे। आगरा से परीक्षा देने आए कुलदीप ने बताया कि वे रात को ही फर्रुखाबाद आ गए थे और सुबह 7 बजे केंद्र पर पहुंचे।उन्होंने अपनी तैयारी को बेहतर बताया। इसी तरह, झांसी से आई धर्मेंद्र ने जानकारी दी कि वे शुक्रवार रात को ही शहर की एक धर्मशाला में रुके थे और सुबह 7 बजे केंद्र पर पहुंचकर प्रवेश के लिए लाइन में खड़े थे। उन्होंने भी परीक्षा की अच्छी तैयारी होने की बात कही।
