बाइक पर भाई के साथ जा रही महिला के कुंडल लूटे, एक आरोपी पकड़ा, अन्य फरार

2 Min Read

कायमगंज।

कायमगंज-अलीगंज मार्ग पर शुक्रवार को एक महिला से कुंडल लूट लिए गए। महिला अपने भाई के साथ बाइक पर जा रही थी, तभी बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद मचे शोर के कारण एक बोलेरो गाड़ी और ग्रामीणों ने लुटेरों का पीछा किया, जिससे वे सड़क किनारे गिर पड़े।

अमृतपुर थाना क्षेत्र के करनपुर निवासी राम राजपूत अपनी बहन मंजू को बाइक पर बैठाकर एटा जनपद के लहटोरा गांव जा रहे थे। दोपहर के समय ढमढेरा और बिराहिमपुर गांव के बीच पहुंचने पर पीछे से आए दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने चलती बाइक पर मंजू के कानों पर झपट्टा मारा।

दोनों कुंडल कानों से निकल गए

मंजू ने सुरक्षा के लिए कुंडल काले धागे से बांध रखे थे। हालांकि, लुटेरों ने इतनी तेजी से झपट्टा मारा कि दोनों कुंडल कानों से निकल गए और वे उन्हें लेकर फरार हो गए।

मंजू के चीखने-चिल्लाने पर पीछे आ रही एक बोलेरो गाड़ी ने लुटेरों का पीछा करना शुरू किया। पीछा किए जाने से घबराकर बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर पड़े। जिससे एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। हालांकि, उसके अन्य साथी फरार होने में सफल रहे। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर तत्काल पुलिस को सूचना दी।

ननद से मिलने जा रही थी

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी और प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आसपास के क्षेत्रों में लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। पीड़िता मंजू ने बताया कि वह अपने भाई के साथ ननद से मिलने जा रही थी, तभी यह घटना हुई।

प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *