एक फूल दो माली के चक्कर में हुई थी लखन की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

2 Min Read

फर्रुखाबाद/

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गैसिंगपुर में 35 वर्षीय लखन वाथम पुत्र रामनिवास की हुई निर्मम हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेम प्रसंग के विवाद में इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया था।

घटना 23 मार्च की रात की है, जब लखन अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अंदर कमरे में थे। सुबह करीब साढ़े पांच बजे उसकी बहन आरती जब उसे जगाने पहुंची तो रजाई हटाते ही लखन को खून से लथपथ हालत में देखकर चीख पड़ी।शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पास जाकर देखने पर उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से गहरे वार के निशान मिले, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के पिता रामनिवास की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी नितुल पाल पुत्र लाला राम निवासी गैसिंगपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फावड़ा बरामद करते हुए आरोपी नितुल पाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका एक विधवा महिला से प्रेम संबंध था, लेकिन बाद में वह महिला लखन से बातचीत करने लगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और झगड़ा हुआ था। आरोपी ने यह भी बताया कि लखन ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी, जिससे वह खुन्नस में था।

इसी रंजिश के चलते आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर सोते समय लखन पर फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *