फर्रुखाबाद |
फर्रुखाबाद शहर के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के प्रयासों से शहर में लंबे समय से जाम की समस्या को दूर करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।
दरअसल,फर्रुखाबाद-कायमगंज मार्ग पर स्थित क्रॉसिंग संख्या 154 स्पेशल और क्रॉसिंग संख्या 09 स्पेशल पर रेल उपरिगामी सेतु (ओवरब्रिज) निर्माण के लिए 9743.28 लाख रुपये की धनराशि को व्यय वित्त समिति द्वारा मंजूरी दे दी गई है। इस परियोजना का शासनादेश 31 मार्च 2026 को जारी हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
बताया गया कि प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज की कुल लंबाई लगभग 1013.71 मीटर होगी, जो दोनों रेलवे क्रॉसिंगों के ऊपर से होकर गुजरेगा। साथ ही, दोनों क्रॉसिंगों के बीच आवागमन को सुगम बनाने के लिए सेतु के दोनों ओर रैंप बनाए जाएंगे। इसके अलावा रेलवे विभाग द्वारा दोनों स्थानों पर अंडरपास बनाने की भी योजना है।
गौरतलब है कि इन दोनों क्रॉसिंगों पर अक्सर फाटक बंद रहने के कारण शहर में भारी जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सेतु के निर्माण के बाद इस समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है। विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने बताया कि इस परियोजना के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कई बार व्यक्तिगत मुलाकात कर प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप अब यह स्वीकृति मिल पाई है।
