पटाखे चलाने को लेकर हुए विवाद में जानलेवा हमला, पिता-पुत्र गिरफ्तार
जनरल फोर्स ब्यूरो
एटा। थाना जैथरा क्षेत्र के ग्राम धुमरी में पटाखे चलाने को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वादिया ने थाना जैथरा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 10 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे पटाखे चलाने को लेकर विपक्षी पक्ष से कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद में आरोपियों ने वादिया, उसके पति और देवर पर जान से मारने की नीयत से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मामले में पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 359/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जी के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जैथरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गोरे खां उर्फ मोहम्मद दराज पुत्र अजीत खां उर्फ गिल्लू खां और नवीदराज पुत्र गोरे खां निवासी ग्राम धुमरी, थाना जैथरा को गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुनील कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक धर्मेश कुमार, कांस्टेबल प्रवीन कुमार और रिजर्व कांस्टेबल उज्ज्वल शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
