फर्रुखाबाद न्यूज़:- जमीन के विवाद ने रिश्ते किए तार-तार; पोते ने दादा को मारी दो गोलियां, कानपुर ले जाते समय मौत |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

जहानगंज/फर्रुखाबाद |

Ad image

थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में जमीन के विवाद को लेकर रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि इलाज के लिए जमीन बेचने से नाराज पोते ने अपने ही दादा को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को परिजन पहले स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया। कानपुर ले जाते समय देर रात करीब एक बजे रास्ते में उनकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान गजेंद्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उन्होंने हाल ही में अपने इलाज के खर्च के लिए करीब 10 बिस्वा जमीन बेची थी। इसी बात को लेकर उनका पोता अंकित नाराज चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया घटना के पीछे जमीन को लेकर विवाद सामने आया है।

मकान में लेटे दादा पर तमंचे से किया फायर

जानकारी के अनुसार, गजेंद्र अपने घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित एक मकान में लेटे हुए थे। इसी दौरान उनका पोता अंकित कथित तौर पर 315 बोर का तमंचा लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने दादा पर गोली चला दी। फायरिंग में गजेंद्र के कंधे और पेट में दो गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े।

गोली चलने की आवाज और घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। दूसरे पोते ने घायल गजेंद्र को बाइक से अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें कानपुर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

गोली मारने के बाद मौके पर बैठा रहा आरोपी

ग्रामीणों के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी अंकित कुछ समय तक घटनास्थल पर ही बैठा रहा। इसी बीच उसकी बहनें अन्नू (15) और तन्नू (13) वहां पहुंचीं। आरोप है कि अन्नू आरोपी को दूसरे मकान में ले गई, जिसके बाद वह पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां से निकल गया।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, तमंचा बरामद

घटना की सूचना मिलते ही जहानगंज पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार मौके से तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

सीओ आलोक कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। संभावित स्थानों पर पुलिस टीमें भेजी गई हैं। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *