अमृतपुर |
भारतीय सुभाष सेना द्वारा किसान मजदूर नौजवान बचाओ महाअभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद प्रताप सिंह तथा वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विदुषी कुमारी, संगीता शर्मा का कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर स्वागत किया और कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम का आयोजन जिला कमेटी के तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि संगठन का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में जागरूकता अभियान चलाना है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर और नौजवानों की समस्याओं को लेकर यह अभियान शुरू किया गया है, जिससे प्रदेश और देश में उत्पन्न हालात से कैसे निजात पाई जा सके, इस पर विचार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व संगठन द्वारा एक मुहिम शुरू कर अपना घोषणा पत्र भी जारी किया गया था। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश को एक बेहतर प्रदेश बनाना और प्रदेश में फैली बेरोजगारी को दूर करने के लिए ठोस योजनाएं तैयार करना है।
विधानसभा चुनाव को लेकर प्रत्याशियों के विषय में उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 100 प्रत्याशियों को फाइनल किया जा चुका है तथा संगठन का प्रयास है कि प्रदेश की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे जाएं। उन्होंने कहा कि जून माह तक सभी सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएंगे।
इस दौरान भारतीय सुभाष सेना द्वारा परिवर्तन संकल्प पत्र 2027 भी जारी किया गया। कार्यक्रम में संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
