महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद, एसएसपी ने किया मंदिरों का निरीक्षण
एटा । महाशिवरात्रि पर्व एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से श्याम नारायण सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा ने शनिवार को पुलिस अधिकारियों के साथ प्रमुख मंदिरों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसएसपी के साथ श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक एटा एवं क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने थाना बागवाला क्षेत्र के परसौन स्थित शिव मंदिर तथा थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के कैलाश मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसरों, श्रद्धालुओं के आने-जाने के मार्गों, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था तथा कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए की गई पुलिस तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
एसएसपी ने निर्देशित किया कि पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जाए तथा सतत गश्त के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं पहले से ही चुस्त-दुरुस्त रखी जाएं।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी सहयोग की अपील करते हुए शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से पर्व मनाने का आग्रह किया है।
