Farrukhabad News: जिलाधिकारी डा० आशुतोष कुमार द्विवेदी ने संकिसा में नगर पंचायत कार्यालय का निरीक्षण के दौरान डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यालय अभिलेखों का रख रखाव, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, निर्माण कार्यो की प्रगति, स्वच्छता व्यवस्था तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। डीएम ने कार्यालय में संचालित जनसुनवाई व्यवस्था का अवलोकन करते हुए निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान साफ सफाई व्यवस्था बेहतर पाई गई। अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने तथा कार्यालय परिसर में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए, इनमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार को निर्देशित किया कि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करायें, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र तत्काल जारी करायें। स्टोर रुम व्यवस्थित रखें, विकास कार्यों की नियमित मानिटरिग करते हुए गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए एवं निर्माण कार्यों को जल्दी पूर्ण करायें। कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान बड़े बाबू शरद बाजपेई, नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि राहुल राजपूत मौजूद रहे।
