कायमगंज/फर्रुखाबाद/
कायमगंज कोतवाली पुलिस ने चार महीने पुराने ‘कलाखेल चोरी कांड’ का सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में से एक अपराधी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के जेवर और नकदी बरामद की है।
चेकिंग के दौरान धरे गए बदमाश सोमवार रात प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी और इंस्पेक्टर क्राइम सुरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तराई क्षेत्र के अहमदगंज रोड पर ‘बुढ़िया पुल’ के पास संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।
आरोपियों की पहचान
पकड़े गए आरोपियों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है:
सुनील: पुत्र प्रेमचंद, निवासी हुल्लापुरथाना अल्लाहगंज, शाहजहांपुर।
जयप्रकाश: पुत्र रामस्वरूप, निवासी उस्माननगर थाना सिकंदरपुर वैस, कासगंज।
पूछताछ में कबूला जुर्म
आरोपियों ने स्वीकार किया कि 16 नवंबर को उन्होंने कलाखेल निवासी शन्दू खां के घर चोरी की थी। वारदात की योजना उनके तीसरे साथी कमलेश ने बनाई थी, जिसने दिन में रेकी कर घर खाली होने की सूचना दी थी।
चोरी के दौरान बदमाशों ने शन्दू के भाई फहमी को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया था और घर से जेवर, 35 हजार रुपये नगद व एक सिंगल बैरल बंदूक लेकर फरार हो गए थे। दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की थी।
अपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी सुनील एक बेहद शातिर अपराधी है। उस पर फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर और हरदोई के अलग-अलग थानों में 26 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। शमशाबाद पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के पास से पीली धातु के कड़े और एक हार तथा रु० 2400 नगद बरामद किए हैं।
फिलहाल पुलिस तीसरे फरार साथी कमलेश की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
