कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर अलर्ट मोड पर प्रशासन: डीएम व एसपी ने मार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण
मैनपुरी (अजय किशोर) आगामी सावन मास में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने मैनपुरी-फर्रूखाबाद सीमा पर स्थित काली नदी पुल से लेकर बेवर-किशनी-रामनगर कांवड़ मार्ग का गहन निरीक्षण किया। फर्रूखाबाद के पांचाल घाट से गंगाजल लेकर आने वाले श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए अधिकारियों ने सड़क की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश, पेयजल और साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने, गड्ढे भरने और सड़कों को समतल करने के सख्त निर्देश दिए। सीमा पर स्थित काली नदी पुलिस चौकी का अवलोकन करते हुए उन्होंने खंड विकास अधिकारी बेवर को चौकी परिसर में इंटरलॉकिंग कराने और पर्याप्त रोशनी के लिए हाईमास्ट लाइट लगाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को पूरे कांवड़ मार्ग और चौकी क्षेत्र में निर्बाध प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है ताकि रात्रि के समय श्रद्धालुओं और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को कोई असुविधा न हो।
यातायात और सुरक्षा प्रबंधन को प्राथमिक स्तर पर रखते हुए जिलाधिकारी ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, बैरिकेडिंग लगाने और रात्रि गश्त बढ़ाने के आदेश दिए। इसके साथ ही, कांवड़ मार्ग पर झाड़ियों की कटाई, अतिक्रमण हटाने और प्रमुख शिवालयों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा आस्था से जुड़ा विषय है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
