कायमगंज।
नवीन मंडी समिति परिसर में व्यापारियों की सुविधा और पारदर्शिता के लिए बाट-माप विभाग द्वारा एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में बाट-माप अधिकारी बीनू तिवारी ने व्यापारियों के कांटों और बाटों की सघन जांच की। शिविर के दौरान मंडी समिति के विभिन्न दुकानदारों ने अपने इलेक्ट्रॉनिक कांटे और बाट लाकर उनका सत्यापन कराया। मानक के अनुरूप पाए जाने पर बाट-माप अधिकारी द्वारा उन पर आधिकारिक मुहर लगाई गई। उन्होंने बताया इस प्रक्रिया का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सही तौल सुनिश्चित कराना और व्यापारियों को कानूनी जटिलताओं से बचाना है।
कैंप में मौजूद भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री ने बाट-माप अधिकारी से वार्ता की। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रक्रिया के दौरान किसी भी व्यापारी को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के इफ्तिखार भाई, नीरज राठौर, ऋषभ पालीवाल आदि शामिल रहे।
