कायमगंज/फर्रुखाबाद।
दीपावली की खुशियां मनाने गांव आया एक परिवार उस समय गहरे मातम में डूब गया, जब आतिशबाजी खरीदने बाजार जा रहे 18 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में जान चली गई। जिस घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और अपनों को खोने का गम पसरा हुआ है। हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार, कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव सैंथरा निवासी 18 वर्षीय पुनीत शर्मा शाम अपने दोस्त अभिषेक पुत्र सुभाष के साथ बाइक से आतिशबाजी खरीदने बाजार जा रहे थे। दोनों अभी झब्बूपुर गांव के निकट पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही इजौर निवासी अभिषेक पुत्र कमलेश की बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
गंभीर हालत में किया गया था रेफर, देर रात जिंदगी की जंग हार गया पुनीत
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां पुनीत की हालत बेहद नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पहले लोहिया अस्पताल और फिर बेहतर उपचार के लिए तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजन पुनीत की जिंदगी बचाने की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन देर रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बीमार पिता का सहारा था घर का सबसे बड़ा बेटा
ग्राम प्रधान हर्षित गंगवार के मुताबिक, पुनीत अपने माता-पिता का सबसे बड़ा बेटा था और परिवार की उम्मीदों का सहारा बना हुआ था। उसके पिता कुलदीप शर्मा की तबीयत अक्सर खराब रहती है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते सभी लोग दिल्ली में मजदूरी करके अपना जीवनयापन करते थे। दीपावली का त्योहार अपनों के साथ मनाने के लिए पूरा परिवार गांव आया हुआ था।
पुनीत के परिवार में पिता कुलदीप शर्मा, मां किरण, तीन बहनें और एक छोटा भाई है। परिवार को उम्मीद थी कि इस बार दीपावली की खुशियां अपनों के बीच मनाई जाएंगी, लेकिन एक सड़क हादसे ने उनकी सारी खुशियां छीन लीं।
जिस घर में दीपावली के दीप जलने थे, वहां अब जवान बेटे की मौत से अंधेरा छा गया है। मां की आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे, वहीं पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस हृदयविदारक घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई ।
