कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज, डीएम ने अधिकारियों को सौंपीं जिम्मेदारियां
एटा । श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी अरविन्द सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को विभागवार जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर रूट मैप तैयार करने तथा सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में विद्युत विभाग को यात्रा मार्ग पर विद्युत पोलों की सुरक्षा, खुले ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग तथा नीचे लटके तारों को मानक ऊंचाई तक ठीक कराने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग को सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई, गड्ढों की मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रमुख स्थानों पर मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, चिकित्सकीय टीम और एंटी स्नेक सीरम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर निकायों को साफ-सफाई, पेयजल, मोबाइल शौचालय और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया, जबकि पुलिस एवं यातायात विभाग को प्रभावी ट्रैफिक प्लान और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगम लाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, उप संभागीय परिवहन अधिकारी शिवम कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
