घंटाघर स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके को हटाने की मांग, जांच कराने हेतु सौंपा ज्ञापन
जलेसर (एटा)। तहसील जलेसर के घंटाघर क्षेत्र में संचालित अंग्रेजी शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ठेके की वैधता की जांच कराकर नियमों के अनुरूप कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि अंग्रेजी शराब का ठेका नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के समीप संचालित हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रतिमा से ठेके की दूरी लगभग 2 मीटर, भोले बाबा मंदिर से लगभग 20 मीटर तथा एक विद्यालय से करीब 50 मीटर है। नागरिकों का कहना है कि इससे धार्मिक भावनाएं प्रभावित हो रही हैं तथा विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों एवं आमजन पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शराब के ठेके की वैधता एवं निर्धारित मानकों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो ठेके को तत्काल वहां से हटाकर अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले में नियमानुसार जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
