अमरोहा में दिनदहाड़े कार का शीशा तोड़कर चोरी:नोटों से भरा बैग लेकर फरार, नेशनल हाईवे पर होटल के सामने वारदात
जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा
अमरोहा जनपद के डिडौली कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-9 पर स्थित राजाजी होटल के सामने दिनदहाड़े एक कार का शीशा तोड़कर नोटों से भरा बैग चोरी करने का मामला सामने आया है। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। यह वारदात 4 जुलाई की बताई जा रही है। वीडियो मंगलवार 7 जुलाई को सामने आया है।
कार सवार व्यक्ति किसी काम से होटल में रुका था। इसी दौरान पहले से रेकी कर रहे बदमाशों ने मौके का फायदा उठाया। बदमाशों ने कुछ ही सेकंड में सड़क किनारे खड़ी कार का शीशा तोड़ा और उसमें रखा नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है।
इस मामले में मंगलवार दोपहर तीन बजे डिडौली थाना प्रभारी जितेंद्र बालियान ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच पड़ताल कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
