लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल बोले—वे संपूर्ण सनातन समाज की रक्षक थीं
जलेसर/एत्मादपुर। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर एत्मादपुर में भव्य शोभायात्रा और कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को केवल किसी एक समाज तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर संपूर्ण हिंदू समाज और सनातन धर्म की रक्षक थीं। अपने शासनकाल में उन्होंने सैकड़ों मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया और धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
केंद्रीय मंत्री ने बघेल समाज के युवाओं से आह्वान किया कि वे लोकमाता अहिल्याबाई की शोभायात्रा की परंपरा को निरंतर बनाए रखें। उन्होंने कहा कि वे पद पर रहें या न रहें, हर वर्ष इस आयोजन में उपस्थित रहने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि 30 जून को एत्मादपुर में राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण प्रदेश सरकार द्वारा किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के शामिल होने की संभावना है।
भाजपा नेत्री नीलम प्रजापति ने अपने संबोधन में अहिल्याबाई होल्कर के सामाजिक योगदान, महिलाओं के कल्याण के लिए किए गए कार्यों और मंदिरों के पुनर्निर्माण में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने राज्य की बागडोर संभालकर मजबूत नेतृत्व का परिचय दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें केंद्रीय मंत्री, भाजपा नेत्री, समाज के वरिष्ठजन और अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे। इसके बाद समाज के वरिष्ठजनों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के उपरांत नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो दिनेश सेवा सदन से प्रारंभ होकर तहसील रोड, शेरगंज, नाला बाजार, मंडी, जवाहरगंज, महावीरगंज होते हुए महारानी पैलेस पर संपन्न हुई।
शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा और शीतल जल वितरण कर स्वागत किया। झांकियों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक विनोद धनगर, बृजेश धनगर, योगेश धनगर, राकेश धनगर सहित कई पदाधिकारी और हजारों की संख्या में समाज के लोग एवं युवा उपस्थित रहे।
