मोबाइल चोरी के शक में युवक को चारपाई से बांधकर पीटने के बाद छोड़ा, पुलिस पहचान कराने में जुटी
जनरल फोर्स ब्यूरो /अमरोहा
अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कुरैशी में मोबाइल चोरी के शक में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को चारपाई से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि मोबाइल चोरी के आरोप में युवक को पकड़ा गया था। उसे पहले चारपाई से बांधा गया और फिर उसकी पिटाई की गई। मारपीट के बाद युवक को छोड़ दिया गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला पुलिस के संज्ञान में आया।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस उन लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है, जिन्होंने युवक के साथ मारपीट की और कानून को अपने हाथ में लिया।
