हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा का पर्व, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

2 Min Read

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा का पर्व, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

मैनपुरी (अजय किशोर) जनपद में ईद-उल-अजहा का त्योहार बेहद हर्षोल्लास, शांति और भाईचारे के साथ मनाया गया। आगरा रोड स्थित ईदगाह पर सुबह से ही नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समाज के लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों की संख्या में पहुंचे अकीदतमंदों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा कर देश व समाज में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी सौहार्द की दुआएं मांगी। नमाज संपन्न होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम भाइयों को पर्व की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक और कड़े इंतजाम किए गए थे। सिटी एसपी अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में ईदगाह और उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा स्वयं पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्रों में भ्रमणशील रहे।

इसके साथ ही क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार सिंह ने भी मुस्तैदी से भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी की और मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी फतेह बहादुर सिंह और चौकी प्रभारी सुधीर कुमार सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ लगातार क्षेत्रों में गश्त करते नजर आए, जिससे संपूर्ण पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *