एटा में HPV टीकाकरण के प्रति जागरूकता अभियान शुरू
जिलाधिकारी की अपील, 14-15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए निशुल्क टीकाकरण
जनरल फोर्स ब्यूरो
एटा। जनपद एटा में महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम के लिए HPV (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण को बढ़ावा देने हेतु एक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार और समुदाय में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को HPV टीकाकरण के लिए प्रेरित करें।
महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर है और इसका मुख्य कारण HPV संक्रमण है। विशेषज्ञों के अनुसार, 14 से 15 वर्ष की आयु में बालिकाओं का HPV टीकाकरण कराने से इस कैंसर की रोकथाम संभव है।
विश्व के 100 से अधिक देशों में यह टीकाकरण किया जा रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। एटा जिले में समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, महिला जिला चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज में यह टीकाकरण निशुल्क उपलब्ध है।
जिलाधिकारी महोदय ने माता-पिता और अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपनी बेटियों का आधार कार्ड या जन्म प्रमाण पत्र और मोबाइल नंबर लेकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण कराएं। उन्होंने कहा, *“HPV टीकाकरण हमारी बेटियों को मजबूत और स्वस्थ बनाने का अवसर है। सर्वाइकल कैंसर मुक्त भारत की दिशा में हम सभी मिलकर कदम बढ़ाएं, अफवाहों से बचें और तथ्यों पर भरोसा करें।”
जिलाधिकारी ने यह भी अपील की कि सभी नागरिक अपने परिवार, पड़ोस और समुदाय में जागरूकता फैलाएं और 14-15 वर्ष की आयु वर्ग की सभी बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करें।
