कायमगंज/फर्रुखाबाद:
जनपद फर्रुखाबाद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कायमगंज कोतवाली पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर अपराधी को जिला बदर कर दिया। गांव नगला बिलौना निवासी श्यामू पाल को प्रशासनिक आदेश के तहत जिले की सीमा से बाहर भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के आदेश और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उसकी गतिविधियों से क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
भारी पुलिस फोर्स के साथ पहुंची टीम
शनिवार को प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला और एसआई ज्ञान प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव नगला बिलौना पहुंची, जहां आरोपी को हिरासत में लिया गया। इसके बाद पुलिस उसे लेकर जनपद की सीमा क्षेत्र ब्राह्मीपुर पहुंची।
डुगडुगी बजवाकर कराई गई मुनादी
पुलिस ने सार्वजनिक रूप से डुगडुगी बजवाकर मुनादी कराई और लोगों को बताया कि श्यामू पाल को जिला बदर किया जा रहा है। इस दौरान उसे सख्त हिदायत दी गई कि निर्धारित अवधि तक वह फर्रुखाबाद जिले की सीमा में प्रवेश नहीं करेगा।
दोबारा जिले में मिला तो होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी कि यदि आरोपी दोबारा जिले की सीमा में पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुनादी के बाद पुलिस ने उसे एटा जनपद के अलीगंज बॉर्डर की ओर छोड़ दिया।
वायरल ऑडियो मामले से भी जुड़ा नाम
सूत्रों के अनुसार, कुछ समय पहले कायमगंज क्षेत्र में एक दरोगा के शराब मांगने वाले वायरल ऑडियो प्रकरण में भी श्यामू पाल का नाम सामने आया था। तभी से वह पुलिस की निगरानी में था।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन के इस कदम को कानून व्यवस्था के लिए अहम बताया है।
