हैदराबाद में ‘लेडी सिंघम’: पुलिस कमिश्नर बी. सुमति ने खुद उतरकर पकड़े 40 मनचलों को
हैदराबाद । महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए हैदराबाद पुलिस ने एक बड़ा कदम बढ़ाया है। मल्काजगिरि पुलिस कमिश्नर बी. सुमति ने खुद मैदान में उतरकर रात के अंधेरे में मनचलों को जाल में फंसाया।
बताया गया कि 1 मई को पद संभालने के बाद कमिश्नर सुमति ने इलाके में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती छेड़छाड़ की शिकायतों को गंभीरता से लिया। खासकर दिलसुखनगर बस स्टॉप के पास हॉस्टल क्लस्टर होने के कारण रात में महिला यात्री अक्सर नशे में धुत लोगों का शिकार बन रही थीं।
रिपोर्ट्स और शिकायतों पर भरोसा न करते हुए, सुमति ने खुद बिना किसी सुरक्षा के बस स्टॉप पर खड़े होने का फैसला किया। देर रात से सुबह 3 बजे तक उन्होंने सामान्य महिला यात्री का रूप धारण किया। कुछ ही मिनटों में बाइक सवार युवक अश्लील कमेंट्स और सवाल करने लगे। उन्हें यह नहीं पता था कि आसपास इंस्पेक्टर और एसआई स्तर के अधिकारी पूरी निगरानी कर रहे थे।
अभियान के अंत में पुलिस ने 40 व्यक्तियों को हिरासत में लिया। अधिकारियों ने बताया कि सभी को काउंसलिंग दी जाएगी ताकि वे अपने कृत्यों की गंभीरता को समझें।
करीमनगर में डीएसपी के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने वाली सुमति पहले भी ऐसे अभियानों के लिए जानी जाती रही हैं। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें ‘लेडी सिंघम’ कहकर सलाम कर रहे हैं।
यह कदम हैदराबाद पुलिस के महिलाओं की सुरक्षा के प्रति गंभीर रुख का प्रतीक माना जा रहा है।
