डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने मैनपुरी नए जिलाधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया

2 Min Read

डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने मैनपुरी नए जिलाधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया

मैनपुरी ! (अजय किशोर)। औरैया के जिलाधिकारी पद से स्थानांतरित होकर आए भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2014 बैच के अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने मैनपुरी के नए जिलाधिकारी के रूप में कोषागार का कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी कार्यशैली का मुख्य आधार नागरिक देवो भव की भावना होगी, जिसके तहत आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

डॉ. त्रिपाठी ने अपनी प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता मात्र नहीं, बल्कि संतोषजनक और वास्तविक होना चाहिए। उन्होंने जनपद में तकनीक के उपयोग, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने के साथ-साथ डोर स्टेप डिलीवरी की अवधारणा को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया। राजस्व संबंधी लंबित मामलों के लिए मिशन समाधान जैसे अभियानों को गति देने के साथ ही, उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचारों के माध्यम से सुधार का संकल्प लिया। इसके अलावा, सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना और निर्माणाधीन परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करना उनकी प्रमुख वरीयताओं में शामिल है।

अपनी सादगी और जमीनी कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले डॉ. त्रिपाठी ने जनता से अपील की कि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखें। उन्होंने पूर्व जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन में निरंतरता बनाए रखते हुए वे जनहित की उन पहल को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएंगे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्याम लता आनन्द सहित जनपद के अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *