फर्रुखाबाद |
ईरान-इजरायल और खाड़ी देशों के बीच चल रहे तनाव के चलते घरेलू गैस के आयात पर पड़ रहे प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। आम जनता के लिए रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु खाद्य एवं रसद विभाग, प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा लगातार निरीक्षण, भ्रमण और छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है।
जांच के दौरान यह सामने आया है कि जिले के कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों—होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, मैरिज हॉल, बैंक्विट हॉल, टी-स्टॉल, डोसा स्टॉल समेत छोटे-बड़े कारोबारियों द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है, जो नियमों के विरुद्ध है।
इस पर सख्त रुख अपनाते हुए जिला पूर्ति अधिकारी सुरेन्द्र यादव ने आदेश जारी कर सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को निर्देशित किया है कि वे किसी भी स्थिति में अपने प्रतिष्ठान पर घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग न करें।
उन्होंने चेतावनी दी है कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी भी प्रतिष्ठान में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग या भंडारण पाया गया, तो संबंधित फर्म स्वामी या व्यापारी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
