सिंचाई खंड एटा में भ्रष्टाचार का विस्फोट! नियमों को कुचलकर कर्मचारियों पर कार्रवाई
एक्सईएन के खिलाफ फूटा गुस्सा, अनिश्चित कालीन धरना
जनरल फोर्स – ब्यूरो
एटा। सिंचाई खंड एटा में भ्रष्टाचार, मनमानी और नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने का गंभीर मामला सामने आया है। विभागीय अधिकारियों की कथित तानाशाही और नियम विरुद्ध कार्रवाई से कर्मचारियों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया है।
सिंचाई संघ उत्तर प्रदेश की स्थानीय शाखा के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि विभाग में भ्रष्टाचार का खेल चरम पर है और ईमानदारी से काम करने वाले कर्मचारियों को बिना किसी ठोस कारण के निशाना बनाया जा रहा है। नियमों को दरकिनार कर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जिससे पूरे विभाग में भय और असंतोष का माहौल बन गया है।
संघ का कहना है कि बिना विभागीय जांच और बिना संतोषजनक स्पष्टीकरण के कर्मचारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। अधिकारियों की मनमानी के चलते कर्मचारियों का भविष्य दांव पर लगाया जा रहा है।
इसी मनमानी और भ्रष्टाचार के खिलाफ कर्मचारियों का गुस्सा अब खुलकर सड़कों पर उतर आया है। सिंचाई संघ के आह्वान पर कर्मचारी धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं और विभागीय तानाशाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही है।
कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि भ्रष्टाचार और नियम विरुद्ध कार्रवाई पर तुरंत रोक नहीं लगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
कर्मचारियों का कहना है कि सिंचाई खंड एटा में लंबे समय से भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का जाल फैला हुआ है, लेकिन उच्च अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। अब कर्मचारी आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान कर चुके हैं।
