*आस्था की डोर*
बहंगी छठी माई के जाए…!
*”गाँव के पोखरे से लेकर शहर की छत तक, छठ ने सबको एक ही घाट पर ला खड़ा किया है, जहाँ न कोई बड़ा है, न कोई छोटा, बस सूर्य के सामने झुका हुआ एक भारत है।”*
*डॉ. विवेकानंद उपाध्याय*
*वरिष्ठ स्तम्भकार, (देवरिया)*
आज छठ आ गया है। ऐसा लगता है, जैसे पूरा देश किसी दुल्हन की तरह सज गया हो। कार्तिक महीना लगते ही खेत से धान कटकर खलिहान में आ गया है और शहर के बाजार में भी ठेकुआ, नारियल, गन्ना और सूप सज गए हैं। नए चावल की महक हर घर में है। चाहे गाँव का आँगन हो, जो गोबर से लीपा जा रहा हो, या शहर का फ्लैट हो, जहाँ बालकनी में छोटा-सा घाट बना हो – आज हर जगह मिट्टी के चूल्हे और आम की लकड़ी के धुएँ की जगह भक्ति की महक है। घर-घर से ठेकुआ, कसार और गुड़ की खीर की सौंधी महक उठ रही है। यह महक बाजार में नहीं मिलती, यह माई के हाथ की महक है।
नहाय-खाय के दिन से ही सबकी चाल बदल जाती है। महिलाएँ सुबह नहाकर लौकी-भात पकाती हैं। उस दिन किसी के घर लहसुन-प्याज नहीं बनता। खरना के दिन तो पूछना ही क्या! दिन भर उपवास के बाद शाम के समय जब माँ नई साड़ी पहनकर, नाक से माँग तक सिंदूर लगाकर गुड़ की खीर पकाती हैं, तो उसमें पूरे मोहल्ले की भूख मिट जाती है। खीर बनते ही हर घर में प्रसाद जाता है। एक घर के व्रत से पूरा मोहल्ला जुड़ जाता है। यही तो छठ का पहला पाठ है कि छठ में घर नहीं, सब व्रत करते हैं। परदेश में रहने वाले बेटा-बेटी भी इसी दिन के लिए घर लौट आते हैं।
और असली रूप तो संध्या के अर्घ्य में दिखता है। दोपहर से ही रास्तों पर रौनक है। बच्चे कंधे पर गन्ने के ठूँठ लेकर घाट की ओर भाग रहे हैं। महिलाओं के झुंड, हाथ में बाँस का सूप, सूप में ठेकुआ, नारियल, सुथनी, हल्दी, मूली, अदरक, सब कुछ जो खेत ने उपजाया है। सूप गाँव के बाँस कारीगर के हाथ का बना है। दिया कुम्हार के घर का है। सब कुछ अपना है। इसीलिए छठ के घाट पर आत्मनिर्भरता स्वयं ही दिख जाती है।
पोखरा हो, नदी हो, तालाब हो या शहर की छत पर बना छोटा-सा टब – आज वो सब मंदिर बन गए हैं। हर परिवार ने अपनी जगह पर सूप सजा दिया है। धीरे-धीरे सूरज डूबने लगा। लाल-लाल लाली जब पानी पर पड़ी, तो सैकड़ों व्रती घुटने भर पानी में उतर गईं। हाथ में सूप उठाए, आँखें बंद किए, डूबते सूरज को अर्घ्य दे रही हैं। दुनिया में ऐसी कोई पूजा नहीं है, जहाँ डूबते सूरज को भी प्रणाम किया जाता हो। छठ हमें सिखाता है कि उगते के साथ डूबते का भी सम्मान करना चाहिए। यही संस्कार हमें सबसे अलग करता है।
उस समय हवा में एक अजीब सन्नाटा और भक्ति घुल जाती है। पानी की लहर पर दिए की लौ थरथरा रही है। पीछे घाट पर बुजुर्ग महिलाएँ एक सुर में गा रही हैं। उस सुर में न बाजा है, न माइक है, बस माटी का गला है –
_काँच ही बाँस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए।_
_बाट जे पूछेला, बटोहिया बहंगी छठी माई के जाए।_
उन दो पंक्तियों को सुनते ही आँख भर जाती है। उस समय घाट पर कोई बड़ा नहीं है, कोई छोटा नहीं है, कोई अमीर-गरीब नहीं है। सब एक ही पानी में, एक ही घाट पर हैं। छठ के घाट पर जात-पात सब डूब जाता है। यहाँ सब एक पंक्ति में खड़े हैं। गाँव के पोखरे से लेकर शहर की छत तक, छठ ने सबको एक ही घाट पर ला खड़ा किया है, जहाँ न कोई बड़ा है, न कोई छोटा, बस सूर्य के सामने झुका हुआ एक भारत है।
रात भर सब जागते हैं। भोर के तीन बजे फिर से घाट पर भीड़। कोहरे से सब ढका हुआ है, ठंड में लोग थरथरा रहे हैं, पर हाथ में दिए की लौ लेकर फिर से व्रती पानी में खड़ी हैं। बच्चे टॉर्च और दिया जलाकर रास्ता दिखा रहे हैं। धीरे-धीरे पूरब में लाली फूटती है। सन्नाटा चीरकर शंख बजता है। और जब सूरज की पहली किरण पानी पर पड़ती है, तो हजारों हाथ एक साथ अर्घ्य देते हैं। छत्तीस घंटे का निर्जला व्रत उसी समय पूरा होता है। प्रसाद बँटता है, गले मिला जाता है और सब एक साथ कहते हैं – जय छठी मइया!
शहर में डीजे बजेगा, लाइट लगेगी, गाँव में पोखरे का ठंडा पानी होगा, पर छठ का सुकून हर जगह एक ही है। यहाँ एसी नहीं है, पर भक्ति की ठंडक है, यहाँ होटल का खाना नहीं है, पर माँ के हाथ का ठेकुआ है। यह त्योहार नहीं है, यह हमारी जड़ है। जब तक पानी है, खेत में गन्ना है, कारीगर के हाथ में बाँस है और माँ की माँग में सिंदूर है, तब तक यह परंपरा जिंदा है, तब तक छठ जिंदा है।
