फर्रुखाबाद:
जनपद के विकास खण्ड मोहम्मदाबाद के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पिपरगांव में ग्राम प्रधान की मनमानी और कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। गाँव के निवासी शैलेश दीक्षित ने जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को शिकायती पत्र देकर ग्राम प्रधान के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।
स्कूल की जमीन पर अवैध कब्जा और वसूली
शिकायती पत्र के अनुसार, गाटा संख्या 1336 (रकबा 1.0603 हेक्टेयर), जो कि विद्यालय के नाम दर्ज है, उसे ग्राम प्रधान द्वारा गाँव के ही रामवीर, विशाल और रंगीललाल को 10,000 रुपये प्रति बीघा की दर से हर साल ‘उगाई’ (बटाई/किराए) पर दिया जा रहा है। आरोप है कि इसके एवज में हजारों रुपये की धनराशि अवैध रूप से वसूली जा रही है।
चकरोट पर अवैध खनन और जेसीबी का इस्तेमाल
शैलेश दीक्षित ने दूसरा प्रार्थनापत्र चकरोट पर अवैध खनन को लेकर दिया है। उनका आरोप है कि शासन की मंशा के विपरीत, जहाँ चकरोट का निर्माण मनरेगा मजदूरों के माध्यम से कराया जाना चाहिए, वहीं ग्राम पंचायत में जेसीबी मशीनों का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर अवैध तरीके से चकरोट डलवाए जा रहे हैं। मिट्टी डालने के लिए गाटा संख्या 858 (आराजी 0.393) का उल्लेख किया गया है।
प्रधान द्वारा धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ता का कहना है कि जब इस मनमानी का विरोध किया गया, तो ग्राम प्रधान ने धौंस जमाते हुए कहा, “मैं ग्राम प्रधान हूँ, जो चाहूँगा वही करूँगा। आपको जहाँ शिकायत करनी हो कर लीजिए, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा।”
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

