संपत्ति के लालच में खून का खेल! किशोर ने दादी को हंसिए से काट डाला, बहन और दूसरी दादी को बनाया बंधक

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
6 Min Read

Ad image

नवाबगंज/फर्रुखाबाद।

संपत्ति विवाद को लेकर नवाबगंज कस्बे में दोपहर एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। तिराहा स्थित एक मकान में 17 वर्षीय किशोर सत्यम ने कथित रूप से अपनी दादी लक्ष्मी शर्मा (55) पर हंसिए से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से भागने के बजाय वहीं बैठा रहा। कुछ देर बाद घर पहुंची बहन मानवी और दूसरी दादी मिथलेश को भी कथित तौर पर बंधक बना लिया गया। मिथलेश पर भी हंसिए से हमला किए जाने की बात सामने आई है।

घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर लक्ष्मी शर्मा का खून से लथपथ शव पड़ा था, जबकि दूसरी दादी घायल हालत में मिलीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया। मौके से वारदात में इस्तेमाल किया गया हंसिया भी बरामद हुआ है।

दवा लेने गए थे पति, घर पर अकेली थीं लक्ष्मी

बताया गया कि नवाबगंज नगर के तिराहा स्थित मकान में कड़िउली गांव निवासी जगमोहन शर्मा अपनी पत्नी लक्ष्मी शर्मा, गोद ली हुई बेटी शिल्पी और भाई रामरतन शर्मा के परिवार के साथ रहते हैं। जगमोहन शर्मा अपनी गोद ली हुई बेटी शिल्पी के साथ दवा लेने मैनपुरी गए थे। घर पर लक्ष्मी शर्मा अकेली थीं।

दोपहर करीब डेढ़ बजे परिवार का किशोर सत्यम घर पहुंचा। आरोप है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसने हंसिए से लक्ष्मी शर्मा पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते वह जमीन पर गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद भी आरोपी मौके से नहीं भागा और घर के अंदर ही बैठा रहा।

छत के रास्ते घर में पहुंची बहन, तो उसे भी बनाया बंधक

कुछ देर बाद आरोपी की बहन मानवी और दूसरी दादी मिथलेश बाजार से घर पहुंचीं। मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। मानवी ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह छत के रास्ते घर में दाखिल हुई।

पुलिस के मुताबिक, घर के अंदर पहुंचते ही आरोपी ने मानवी को पकड़ लिया और उसका गला दबाने का प्रयास किया। इसके बाद उसके हाथ-पैर रस्सी से बांधकर कमरे में बंद कर दिया गया। आरोप है कि बाद में दूसरी दादी मिथलेश को भी बंधक बना लिया गया और उन पर हंसिए से हमला किया गया। दोनों के शोर मचाने पर आसपास के लोगों को अनहोनी की भनक लगी।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसी, घर में मिला खून से सना शव

शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। घर के अंदर दाखिल होने पर लक्ष्मी शर्मा का लहूलुहान शव पड़ा मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। लोगों ने आरोपी किशोर को पकड़ लिया और बवना तिराहे पर ड्यूटी कर रहे होमगार्ड तारा सिंह के हवाले कर दिया।

कुछ ही देर में थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

फर्श और दीवारों पर खून के छींटे, हंसिया बरामद

पुलिस को घटनास्थल पर फर्श और दीवारों पर खून के निशान मिले। मौके से वारदात में इस्तेमाल किया गया हंसिया भी बरामद किया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से साक्ष्य जुटाए।

प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि लक्ष्मी शर्मा पर घर की गैलरी में हमला किया गया और बाद में उनके शव को कमरे के अंदर खींचकर ले जाया गया। पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी और अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया है।

संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह? जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि संपत्ति के लालच और विवाद के चलते लक्ष्मी शर्मा की हत्या की गई है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा।

क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद आलोक कुमार सिंह ने भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल मिथलेश को उपचार के लिए सीएचसी नवाबगंज भेजा गया।

पति के पहुंचने पर मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलने पर जगमोहन शर्मा भी मौके पर पहुंचे। घर का खौफनाक मंजर देखकर परिवार में कोहराम मच गया। उनकी सूचना के आधार पर पुलिस ने लक्ष्मी शर्मा के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *