कायमगंज/फर्रुखाबाद।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश गंगवार और जिला प्रचार मंत्री राजेश गंगवार के नेतृत्व में आज दर्जनों महिलाओं और पुरुषों ने तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी अभिषेक वर्मा को दो अलग-अलग गंभीर समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपे। इस प्रदर्शन में शमशाबाद ब्लॉक कोषाध्यक्ष अखिलेश गंगवार सहित तमाम पदाधिकारी व ग्रामीण प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान पहला मामला ग्राम नगला गोदाम मजरा सुल्तानपुर का उठाया गया, जहां के ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि गांव में लगभग 70 वर्षों से 12 से 13 आवासीय घर बने हुए हैं। इन घरों से निकलने और मुख्य मार्ग तक पहुंचने का एकमात्र रास्ता तालाब के किनारे से होकर गुजरता है। ग्रामीणों ने शिकायत की कि रास्ते के बीचों-बीच 11,000 वोल्ट और एल.टी. लाइन का बिजली पोल खड़ा होने के कारण रास्ता मात्र दो फीट का ही बचा है। हाल ही में बारिश के कारण इस रास्ते का कुछ हिस्सा भी ढह गया है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और किसी भी बड़े हादसे की आशंका हमेशा बनी रहती है। ग्रामीणों ने मांग की कि इस रास्ते का शीघ्र सीमांकन कराकर इसे सुरक्षित और सुगम बनाया जाए।
दूसरा मामला खतौनी में नाम सुधार से जुड़ा हुआ था, जिसमें आराजी मौजा कुइयाँ बाना परगना शमशाबाद की कई खसरा संख्याओं से संबंधित भूमि पर प्रार्थी का नाम गलत रूप से अखिलेश सिंह पुत्र मियाराम दर्ज हो गया है। उपजिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में मांग की गई कि इस त्रुटि को दूर किया जाए और संलग्न आधार कार्ड के अनुसार सही नाम “अखिलेश कुमार पुत्र मियाराम” दर्ज किया जाए।
इस पूरे जन-आंदोलन और ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान राजेश गंगवार जिला प्रचार मंत्री, ब्रजेश गंगवार जिला उपाध्यक्ष, अखिलेश गंगवार ब्लॉक कोषाध्यक्ष के साथ-साथ बाबा जी, अंकित गंगवार, बोबी शाक्य, रक्षपाल शाक्य, अतुल शाक्य, पातीराम, अजीत शाक्य, अमर, आनंद और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व महिलाएं उपस्थित रहीं।

