फर्रुखाबाद।
जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए एसपी आरती सिंह ने देर रात बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया। जिले के विभिन्न थानों में तैनात 18 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में खलबली मच गई और संबंधित थानों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
एसपी की इस कार्रवाई की जद में जिले के 12 थाने आए हैं। इनमें फतेहगढ़, मऊदरवाजा, कादरी गेट, मोहम्मदाबाद, नवाबगंज, अमृतपुर, राजेपुर, कमालगंज, जहानगंज, कंपिल और कायमगंज समेत अन्य थाना क्षेत्र शामिल बताए गए हैं।
पुलिस महकमे में देर रात हुई इस कार्रवाई को एसपी के सख्त तेवर से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का उद्देश्य थानों की कार्यप्रणाली को बेहतर करना, पुलिसिंग में कसावट लाना और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना बताया जा रहा है।
अचानक एक्शन से मची खलबली
देर रात जैसे ही 18 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किए जाने की जानकारी पुलिस महकमे में पहुंची, अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हलचल तेज हो गई। एसपी के इस कदम को पुलिसिंग व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
लगातार बदलते पुलिसिंग माहौल के बीच एसपी आरती सिंह के इस सख्त कदम से साफ संकेत गया है कि ड्यूटी और पुलिसिंग में किसी भी स्तर पर लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। अब लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों की जगह नई तैनाती और संबंधित थानों की व्यवस्था पर भी पुलिस महकमे की नजर रहेगी।

